ईश्वर परायण जीवन के बहुमूल्य सूत्र-सिद्धांत
ईश्वर एक व्यवस्था, एक नियम है
विज्ञान क्षेत्र के ऋषि आइन्स्टीन ने कहा था, ‘‘मेरी दृष्टि में ईश्वर इस संसार में संव्याप्त एक महान नियम है। मेरी मान्यता के अनुसार ईश्वरीय सत्य अंतिम सत्य है। अंतिम सत्य की खोज ही विज्ञान का परम लक्ष्य है। अपने मार्ग पर चलते हुए विज्ञान ने जो तथ्य ढूँढ़े और सत्य स्वीकार किए हैं उन्हें देखते हुए भविष्य में और भी बड़े सत्यों का रहस्योद्घाटन होता रहेगा।
केनोपनिषद् में प्रतिपादन है- परब्रह्म ऐसा कोई विचारणीय पदार्थ नहीं है, जिसे मन द्वारा ग्रहण किया जा सके। वह तो ऐसा तथ्य है जिसके आधार पर मन को मनन शक्ति प्राप्त होती है। परबह्म ही नेत्रों को देखने की, कानों को सुनने की, प्राणों को जीने की शक्ति प्रदान करता है। वह सर्वान्तर्यामी और निरपेक्ष है। वह कोई देवता नहीं है और न वैसा है जिसकी परब्रह्म नाम से उपासना की जाती है।
मुण्डकोपनिषद् का कथन है-जिसका मन पवित्र और शान्त है, वह निर्मल ज्ञान की सहायता से गम्भीर ध्यान का आश्रय लेकर उसकी प्रतीति कर सकता है। वैज्ञानिक आइंस्टीन अंर्तज्ञान को विशेष महत्त्व देते थे। उनका मत था-ज्ञान आवश्यक है। उसी के सहारे दैनिक क्रिया-कलापों का संचालन और निर्णयों का निर्धारण होता है। फिर भी अन्तर्ज्ञान का अपना क्षेत्र और अस्तित्व है।
मस्तिष्क की क्षमता और तर्क की उड़ान सीमित है, लेकिन एक स्थिति ऐसी भी आती है जहाँ चेतना उछलकर किसी ऐसे स्थान पर पहुँच जाती है, जहाँ मस्तिष्क के सहारे पहुँचना कठिन है। संसार के महान आविष्कार इसी रहस्यमयी अंत:प्रज्ञा के आधार पर संभव हुए हैं। प्रमाणित करने वाले अन्वेषण का कार्य तो यह प्रकाश मिलने के उपरान्त आरम्भ होता है।
ईश्वर विश्वास की फलश्रुति
आत्मज्ञान और ब्रह्मज्ञान को एक ही तथ्य का उद्बोधक माना गया है। ईश्वर विश्वास के साथ जुड़ा हुआ आत्मविश्वास जब विकसित होता है तो उस पर उच्चस्तरीय आदर्शवादिता छाई रहती है। यह आच्छादन सामान्य दृष्टि से भले ही नगण्य-सा प्रतीत होता हो, पर उसका प्रतिफल क्रमश: अधिकाधिक फलदायक सिद्ध होता जाता है।
जीवन की हर परिस्थिति में ईश्वर विश्वास सहायक होता है। वह असन्तुलन को सन्तुलन में बदलता है। निराशा के क्षणों में उसकी वह ज्योति चमकती है, जिसे दीनबंधु, भक्त-वत्सल, अशरणशरण आदि नामों से पुकारते हैं और मातृतुल्य वात्सल्य प्रदान करने की, अंचल में आश्रय देने की कल्पना करते हैं।
श्रेष्ठ मार्ग पर कदम बढ़ाने वाले के लिए ईश्वर विश्वास एक सुयोग्य एवं सुसम्पन्न साथी की तरह सहायक सिद्ध होता है, वह सन्मार्ग पर चलने के लिए प्रोत्साहन ही नहीं, वरन सहायता के आश्वासन भी देता है। इनके सहारे चलने वाले का साहस प्रतिकूलताओं के बीच भी अविचल बना रहता है। नास्तिक ऐसी किसी सहायता की आशा नहीं करता, साथ ही अपनी दुर्बलताओं और कठिनाइयों को देखता रहता है। ऐसी दशा में उसे ऐसी अन्त:स्फुरणा का लाभ नहीं मिलता जो अग्रगमन के लिए साधनों से भी अधिक मूल्यवान होती है।
कर्मफल सुनिश्चित है
कर्मफल न चाहते हुए भी मिलते हैं। कोई नहीं चाहता कि उसे अशुभ कर्मों के फलस्वरूप दण्ड मिले। कोई नहीं चाहता कि पुरूषार्थ के अनुपात से ही उसे सफलता मिले। हर कोई दु:ख से बचना और सुख का अधिकाधिक लाभ पाना चाहता है। पर यह इच्छा कहाँ पूरी होती है? जो व्यवस्था तोड़ते हैं वे ठोकर खाते और दण्ड पाते हैं। सभी सुविधाजनक स्थिति में रहना चाहते हैं, पर सृष्टिक्रम के आगे किसी की मर्जी नहीं चलती। इस व्यवस्था प्रवाह को ईश्वर समझा जा सकता है।
आस्तिकता का अवलम्बन मानव जीवन में समता, सहयोग, शिक्षा, चरित्र और सुरक्षा जैसे उच्चस्तरीय तत्त्वों के अभिवर्धन की आवश्यकता है। इन्हें आस्थाओं की गहराई में प्रवेश कराने के लिए आस्तिकतावादी जीवन- दर्शन की आवश्यकता होती है। निजी और तात्कालिक संकीर्ण स्वार्थपरता पर अंकुश लगाकर ही जीवन में सामाजिक और आदर्शवादी मूल्यों का परिपोषण हो सकता है। लेकिन प्रत्यक्षवाद का दबाव यह रहता है कि अपना सामयिक स्वार्थ सिद्ध किया जाए, भले ही उसके फलस्वरूप भविष्य में अपने को ही हानि उठानी पड़े अथवा सार्वजनिक अहित करना पड़े। इस पशु प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए ही मानवीय आदर्शों की नींव रखी जाती है। मानव जीवन की गरिमा और सामाजिक व्यवस्था के लिए साधनों की उतनी आवश्यकता नहीं जितनी आस्थाओं की है। उत्कृष्टता के प्रति आस्था उत्पन्न करना ही आस्तिकता का मूलभूत आधार है।
परमार्थ ही सच्चा स्वार्थ है
आस्तिकता के मूलभूत आधार को जिन्होंने अपनी जीवन-शैली बनाया, उनके जीवन व क्रियाकलापों को परमार्थ-निष्ठा का आदर्श कहा जा सकता है। परमार्थ का अर्थ ही वह कार्य है कि जिससे सर्वश्रेष्ठ प्रयोजन की पूर्ति होती हो। इसी कारण परमार्थपरायणता को आस्तिकता का आधार दर्शन कहा जा सकता है।
परमार्थ-बुद्धि से जो कुछ भी किया जाता है, जिस किसी के लिए भी किया जाता है, वह लौटकर उस करने वाले के पास ही पहुँचता है। तुम्हारी यह आकांक्षा वस्तुत: अपने आप को प्यार करने, श्रेष्ठ मानने और आत्मा के सामने आत्म-समर्पण करने के रूप में ही विकसित होगी।
दर्पण में सुंदर छवि देखने की प्रसन्नतावस्तुत: अपनी ही सुसज्जता की अभिव्यक्ति है। दूसरों के सामने अपनी श्रेष्ठता प्रकट करना उसी के लिए संभव है जो भीतर से श्रेष्ठ है। प्रभु की राह पर बढ़ाया गया हर कदम अपनी आत्मिक प्रगति के लिए किया गया प्रयास ही है। जो कुछ औरों के लिए किया जाता है, वस्तुत: वह अपने लिए किया हुआ कर्म ही है। दूसरों के साथ अन्याय करना अपने साथ ही अन्याय करना है। हम अपने अतिरिक्त और किसी को नहीं ठग सकते। दूसरों के प्रति असज्जनता बरतकर स्वयं के साथ ही दुष्ट दुर्व्यवहार किया जाता है।
दूसरों को प्रसन्न करना अपने आप को प्रसन्न करने का ही क्रिया-कलाप है। गेंद को उछालना अपनी मांसपेशियों को बलिष्ठ बनाने के अतिरिक्त और क्या है! गेंद को उछाल कर हम उस पर कोई एहसान नहीं करते। उसके बिना उसका कुछ हर्ज नहीं होगा। यदि खेलना बंद कर दिया जाए तो उन क्रीड़ा के उपकरणों की क्या क्षति हो सकती है? अपने को ही बलिष्ठता के आनंद से वंचित रहना पड़ेगा।
भक्तिभावना
ईश्वर रूठा हुआ नहीं है कि उसे मनाने की मनुहार करनी पड़े। रूठा तो अपना स्वभाव और कर्म है। मनाना उसी को चाहिए। अपने आप से ही प्रार्थना करें कि कुचाल छोड़ें। मन को मना लिया, आत्मा को उठा लिया तो समझना चाहिए ईश्वर की प्रार्थना सफल हो गई और उसका अनुग्रह उपलब्ध हो गया।
गिरे हुओं को उठाना, पिछड़े हुओं को आगे बढ़ाना, भूले को राह बताना और जो अशांत हो रहा है उसे शांतिदायक स्थान पर पहुँचा देना यह वस्तुत: ईश्वर की सेवा ही है। जब हम दु:खी और दरिद्र को देखकर व्यथित होते हैं और मलीनता को स्वच्छता में बदलने के लिए बढ़ते हैं, तो समझना चाहिए ये कृत्य ईश्वर के लिए, उसकी प्रसन्नता के लिए ही किए जा रहे हैं। दूसरों की सेवा-सहायता अपनी ही सेवा-सहायता है।
प्रार्थना उसी की सार्थक है जो आत्मा को परमात्मा में घुला देने के लिए व्याकुलता लिए हुए हो। जो अपने को परमात्मा जैसा महान बनाने के लिए तड़पता है, जो प्रभु को जीवन के कण-कण में घुला लेने के लिए बेचैन है। जो उसी का होकर जीना चाहता है, उसी को भक्त कहना चाहिए। दूसरे तो विदूषक हैं। कुछ लेने के लिए किया हुआ भजन वस्तुत: प्रभु प्रेम का निर्मम उपहास है। भक्ति में तो आत्मसमर्पण के अतिरिक्त और कुछ होता ही नहीं। वहाँ देने की ही बात सूझती है, लेने की इच्छा ही कहाँ रहती है!
ईश्वर के प्रेम के अधिकारी
ईश्वर का विश्वास सत्कर्मों की कसौटी पर ही परखा जा सकता है। जो भगवान पर भरोसा करेगा वह उसके विधान और निर्देर्शों को भी अंगीकार करेगा। भक्ति और अवज्ञा का तालमेल बैठता कहाँ है?
हम अपने आप को प्यार करें, ताकि ईश्वर से प्यार कर सकने योग्य बन सकें। हम अपने कर्त्तव्यों का पालन करें, ताकि ईश्वर के निकट बैठ सकने की पात्रता प्राप्त कर सकें। जिसने अपने अंत:करण को प्यार से ओतप्रोत कर लिया, जिसके चिंतन और कर्त्तृत्व में प्यार बिखरा पड़ा है, ईश्वर का प्यार केवल उसी को मिलेगा। जो दीपक की तरह जलकर प्रकाश उत्पन्न करने को तैयार है, प्रभु की ज्योति का अवतरण उसी पर होगा। ईश्वर का अस्तित्व विवाद का नहीं, अनुभव का विषय है। जो उस अस्तित्व का जितना अधिक अनुभव करेगा, उतना ही प्रकाशित उसका जीवन होता जाएगा।
Recent Post
Dev Sanskriti Vishwavidyalaya, Haridwar, and Sardar Patel University, Balaghat, have come together in a momentous Memorandum of Understanding.
Dev Sanskriti Vishwavidyalaya, Haridwar, and Sardar Patel University, Balaghat, have come together in a momentous Memorandum of Understanding. This partnership, spearheaded by the Honorable Chancel...
First Secretary at the Ghana High Commission His Excellency Mr. Conrad Nana Kojo Asiedu@ shantikunj and DSVV
With immense joy and reverence, we extend our heartfelt gratitude to His Excellency Mr. Conrad Nana Kojo Asiedu, First Secretary at the Ghana High Commission, for gracing us with his esteemed prese...
International workshop @ Dev Sanskriti Vishwavidyalaya, Haridwar
Memorandum of Understanding (MOU) facilitated by Barbara Flores, Divine Values School (DVS), Centro Latinoamericano de Estudios Védicos (CLEV), and Dr. Chinmay Pandya, Pro Vice Chancellor, ...
देव संस्कृति विश्वविद्यालय प्रति कुलपति आद. डॉ. चिन्मय पंड्या जी विदेश प्रवास के क्रम में ब्रिटेन पहुंचे।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय प्रति कुलपति आद. डॉ. चिन्मय पंड्या जी विदेश प्रवास के क्रम में ब्रिटेन पहुंचे। आयुर्वेद की दुर्लभ विधा के पुनर्जागरण एवं प्रतिष्ठापना के लिए प्रयासरत देव संस्कृति विश्ववि...
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सकारात्मक, सृजनात्मक एवं रचनात्मक अनुभतियों की अभिव्यक्ति का आयोजन: अभ्युदय 2024
अभ्युदय 2024: देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सकारात्मक, सृजनात्मक एवं रचनात्मक अनुभतियों की अभिव्यक्ति का आयोजन विद्यार्थियों द्वारा विद्यार्थियों हेतु।
विगत वर्ष भर म...
आत्मचिंतन के क्षण
आत्म निरीक्षण और विचार पद्धति का कार्य उसी प्रकार चलाना चाहिए जिस प्रकार साहूकार अपनी आय और व्यय का ठीक-ठीक खाता रखते हैं। हमारी दुर्बलताओं और कुचेष्टाओं का खर्च-खाता भी हो और विवेक सत्याचरण तथा आत...
आत्मचिंतन के क्षण
आत्म-निर्माण के कार्य में सत्संग निःसन्देह सहायक होता है किन्तु आज की परिस्थितियों में इस क्षेत्र में जो विडंबना फैली है, उससे लाभ के स्थान पर हानि अधिक है। सड़े-गले, औंधे-सीधे, रूढ़िवादी, भाग्यवाद...
आत्मचिंतन के क्षण
मनुष्य अपनी वरिष्ठता का कारण अपने वैभव- पुरुषार्थ, बुद्धिबल- धनबल को मानता है, जबकि यह मान्यता नितान्त मिथ्या है। व्यक्तित्व का निर्धारण तो अपना ही स्व- अन्त:करण करता है। निर्णय, निर्धारण यहाँ...
आत्मचिंतन के क्षण
ईश्वर उपासना मानव जीवन की अत्यन्त महत्वपूर्ण आवश्यकता है। आत्मिक स्तर को सुविकसित, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने के लिए हमारी मनोभूमि में ईश्वर के लिए समुचित स्थान रहना चाहिए और यह तभी संभव है जब उसक...
आत्मचिंतन के क्षण
जो अपनी पैतृक सम्पत्ति को जान लेता है, अपने वंश के गुण, ऐश्वर्य, शक्ति,सामर्थ्य आदि से पूर्ण परिचित हो जाता है, वह उसी उच्च परम्परा के अनुसार कार्य करता है, वैसा ही शुभ व्यवहार करता ...