Magazine - Year 1940 - Version 2
Media: TEXT
Language: HINDI
Language: HINDI
श्री. 1108 महात्मा सच्चे बाबा के उपदेश
Listen online
View page note
Please go to your device settings and ensure that the Text-to-Speech engine is configured properly. Download the language data for Hindi or any other languages you prefer for the best experience.
(प्रेषक—एक श्रोता) ईश्वर घट घट में समाया हुआ है। फिर मनुष्यों में विपरीत स्वभाव क्यों देख पड़ते हैं? एक पुण्य कार्यों में प्रवृत्त है तो दूसरा पाप कर रहा है। इसका कारण यह है कि पापी पुरुष अपनी इन्द्रियों को सब कुछ सौंप देता है किन्तु पुण्य कर्मों में प्रवृत्त मनुष्य ने अपना सर्वस्व परमात्मा के सुपुर्द कर दिया होता है। ***** मनुष्य के सामने दो मार्ग हैं एक श्रेय दूसरा प्रेय। जो श्रेय मार्ग—परमात्म पथ की ओर चला उसने अपने सब पाप ताप धो डाले और मुक्त हो गया किन्तु जिसने प्रेय मार्ग दुनियादारी को अपनाया वह उसी में उलझ गया और दुःख से छटपटाने लगा। ***** लोग भक्ति की अपेक्षा ज्ञान को अधिक महत्व देते हैं। वे समझते हैं कि बिना ज्ञान के भक्ति न कर सकेंगे? यह भ्रम है। दुनिया में लोग जिन चीजों से प्रेम करते हैं क्या पहले उनका पूरा ज्ञान प्राप्त कर लेते हैं? भक्ति का ऊँचा दर्जा है। जो अनन्य भाव से भगवान की भक्ति करता है उसके लिए कुछ भी दुर्लभ नहीं। ईश्वर का भक्त अज्ञानी नहीं रह सकता। ***** ज्ञानी और अज्ञानी के साधारण कार्यों में बहुत अधिक अन्तर नहीं होता। शरीर यात्रा के कार्य प्रायः दोनों को ही करने पड़ते हैं। फिर भी उनमें एक आनन्द मनाता है और दूसरा दुखी होता है। क्योंकि दोनों में वस्तु का वास्तविक रूप समझने में मतभेद होता है। ज्ञानी पुरुष संसार और साँसारिक वस्तुओं को मिथ्या समझता हुआ उपयोग करता है और निर्लिप्त रहता हुआ आनन्द मनाता है। इसके विपरीत अज्ञानी पुरुष, संसार को सत्य मानता है और उसकी भोग्य वस्तुओं में लिप्त होकर दुःख उठाता है। ***** माता कितनी दयालु होती है। गोदी में चढ़ने के लिए ललचाते हुए बच्चे को उठाकर वह छाती से लगा लेती है। भगवान माता से भी अधिक दयालु हैं। जो भक्त उनके चरणों से लिपटने को कटिबद्ध हो जाता है वह ठुकराया नहीं जाता। उसे अपना लिया जाता है। ***** एक म्यान में दो तलवारें नहीं रह सकतीं। जब तक हृदय मन्दिर में बुरी वासनाओं, पाप और कल्मषों की पूजा हो रही है तब तक धर्म और ईश्वर भक्ति को वहाँ स्थान नहीं मिल सकता है। जब हृदयासन पर परमात्मा को बिठाया जाता है तो दुष्वृत्तियां नहीं ठहर सकतीं। ***** शास्त्र कहता है—”नायमात्मा बल हीनेन लभ्यः” इस आत्मा की बल हीन को प्राप्ति नहीं होती। आत्म ज्ञान के लिए बलवान बनने की आवश्यकता है। जिन्हें प्रभु को प्राप्त करना हो वह सब प्रकार का श्रेष्ठ बल प्राप्त करें। ***** निर्मल हृदय शिष्य, दर्पण के समान है। जब वह अपने मन को निर्मल करके गुरु के समीप उपस्थित होता है तो उसे अपने हृदय में गुरु का सारा ज्ञान प्रतिबिम्बित हुआ प्रतीत होने लगता है ऐसा गुरु-भक्त शिष्य अल्प श्रम में ही तत्व को प्राप्त कर लेता है। ***** पोथी रटने, माला घिसने और शरीर को सुखाने से ईश्वर की प्राप्ति नहीं हो जाती। ईश्वर प्राप्ति जीव को करनी होती है। जो जीव अपने को अहिर्निश ईश्वर चिन्तन में लगाये रहता है वही परम पद को पाता है। ***** संसार के माया मोह से बचने के इच्छुक भक्त को चाहिए कि दुनिया की सब वस्तुओं में ईश्वर को रूप देखे। ऐसा विचार करता रहे कि यह सब परमात्मा के ही रूप हैं। ऐसा करने से ममता नहीं सताती।