होली की प्रेरणा अपनाओ-प्यार बाँटो, पारिवारिकता का भाव बढ़ाओ
खरगोन। मध्य प्रदेश
गायत्री परिवार के वरिष्ठ-कनिष्ठ सभी परिजनों ने शक्तिपीठ खरगोन पर होली का त्यौहार मनाते हुए सामाजिक एकता और समरसता बढ़ाने का संदेश दिया। होलिका दहन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता संघ के श्री बसंत अग्रवाल जी ने होली को अपनी संस्कृति का सबसे प्रभावशाली त्यौहार बताया। उन्होंने समाज में समरसता बढ़ाने के लिए घर-कार्यालय के कर्मचारियों को परिवार का ही सदस्य मानने, उन्हें भोजन पर आमंत्रित करने तथा उनका सम्मान करवाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयोगों से हमारी सांस्कृतिक चेतना प्रबल होगी।
मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्री लक्ष्मण पटेल ने सामाजिक उत्कर्ष के बड़े लक्ष्य को पाने के लिए छोटे-छोटे आपसी मतभेदों को भुलाने की प्रेरणा दी।
पर्व पूजन का क्रम परिव्राजक सौरभ मोरे द्वारा करवाया गया । युग गायिका यशस्वी व देवयानी चौहान ने अपनी सुमधुर वाणी से फाग गीत गाकर सभी को भावविभोर किया। श्री जोगीलाल मुजाल्दे द्वारा आभार व्यक्त करते हुए सभी को होली पर्व की शुभकामनाएँ दीं।
हटा, दमोह। मध्य प्रदेश गायत्री शक्तिपीठ में समता का पर्व होली उल्लासमय वातावरण में मनाया गया। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से परम्परा को बदलते हुए होली में लकड़ी नहीं, सूखे पत्तों का प्रयोग किया गया। पं. रामकिशोर दुबे ने भगवान नृसिंह के पूजन एवं नवान्न यज्ञ के माध्यम से पर्व की पावन प्रेरणाएँ दीं, इसे बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व बताया।
रंगोत्सव में डॉ. सी.एल. नेमा, शैलेन्द्र नायक,डॉ. गोपाल कुसमरिया, जयप्रकाश नेमा, बालचंद पटेल, डॉ. रूप सिंह राजपूत सहित अनेक परिजन उपस्थित थे। सभी ने परस्पर गुलाल लगाकर आदर्श होली मनाई।