प्रशासन ने मानी हार, गायत्री परिवार की सूझबूझ से 5,000 पेड़ तैयार
![](https://s3.ap-south-1.amazonaws.com/awgp.org/public_data/gurukulam/post/3653/Gajanan Tekari (2).jpg-_bZMNYIHRsEi93)
बूँद-बूँद जल से हरीभरी हो गई गजानन पहाड़ी
बुरहानपुर (म.प्र.) में गायत्री परिवार के श्री मनोज तिवारी की टीम ने नगर के समीप की गजानन पहाड़ी को हराभरा करने का चमत्कारिक प्रयोग कर दिखाया। जब प्रशासन से उस पहाड़ी पर वृक्षारोपण करने की अनुमति माँगी गई तो प्रशासन ने कहा कि उनके द्वारा तीन बार वृक्षारोपण किया जा चुका है, लेकिन सफलता नहीं मिल पायी है।
गायत्री परिवार को प्रशासन से एक और प्रयास के लिए अनुमति मिली। प्रशासन ने ही पूरी पहाड़ी की फैंसिंग करा दी। गायत्री परिवार ने पहाड़ी के 300 मीटर नीचे बह रहे अंगुष्ठ जितने जल स्रोत से जल को टुल्लू पंप और सोलर विद्युत की व्यवस्था कर पहाड़ी के ऊपर पहुँचाया। वहाँ बड़े-से गड्ढे में प्लास्टिक की शीट बिछाकर उसे तालाबनुमा बनाया। इसी जल से गजानन पहाड़ी पर गायत्री परिवार द्वारा लगाए गए 5,000 पौधों की सिंचाई हो रही है, पहाड़ी हरी-भरी हो गई है।
गायत्री परिवार को मिली सफलता से प्रशासन गद्गद है। अब पहाड़ी पर 5-6 फीट तक विकसित हो चुके पेड़ों की सिंचाई की व्यवस्था प्रशासन ने ही कर दी है और गायत्री परिवार को नए क्षेत्र में वृक्षारोपण करने का आग्रह किया है।