
देवोत्थान एकादशी के दिन आयोजित हुए तुलसी उत्सव
जेजे अस्पताल और मुंबई फायर ब्रिगेड मुख्यालय में
मुंबई। महाराष्ट्र
दिया, मुम्बई ने देवोत्थान एकादशी-तुलसी विवाह दिवस के उपलक्ष्य में जेजे अस्पताल और मुंबई फायर ब्रिगेड मुख्यालय में तुलसी उत्सव का आयोजन किया। जेजे अस्पताल में 700 और मुंबई फायर ब्रिगेड मुख्यालय में 300 से अधिक तुलसी के पौधे वितरित किए गए। दिया, मुम्बई के श्री जतीन दवे आदि युवाओं की प्रेरणा से प्रतिभागियों ने तुलसी के पौधों का पोषण, तुलसी विरवों के समक्ष दीया जलाने, गायत्री मंत्र का जप और ध्यान करने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। जेजे अस्पताल में इस पहल ने कर्मचारियों और रोगियों के बीच स्वास्थ्य और आध्यात्मिकता को बढ़ावा दिया। अस्पताल के अधीक्षक श्री संजय सुरवसे, मेट्रन श्रीमती योजना बेल्डोर आदि अधिकारियों और कर्मचारियों ने कह कि इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रम मानसिक शान्ति तथा भावनाओं में उदारता को बढ़ाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी अहसास कराते हैं। मुंबई फायर ब्रिगेड में मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री रविन्द्र अम्बुलगेकर ने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रम हमारे कर्मचारियों के लिए मानसिक शांति और तनाव प्रबंधन में सहायक सिद्ध हुए हैं।
अणुशक्ति नगर में
डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन (दिया) की अणुशक्ति नगर शाखा ने दिनांक 12 नवंबर-देवोत्थान एकादशी के दिन तुलसी उत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। पर्व से पूर्व शाखा परिजनों ने परिवारों और बच्चों में सैकड़ों तुलसी के पौधे वितरण किये। इनके साथ पुस्तक ‘तुलसी के चमत्कारिक गुण’ भी दी गई। बच्चों और उनके अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए तुलसी की देखभाल करने, उसके समक्ष प्रतिदिन दीया जलाने, गायत्री मंत्र जप और स्वास्थ्य के लिए तुलसी पत्तों का सेवन करने का संकल्प लिया।