
प्रसिद्ध सिविल सेवा कोच एवं मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा जी का देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आगमन
अवध ओझा जी, जो सिविल सेवा की तैयारी के लिए एक प्रतिष्ठित कोच और प्रेरक वक्ता के रूप में विख्यात हैं, आज उनका आगमन देव संस्कृति विश्वविद्यालय (DSVV) में हुआ, जहाँ उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
अपने इस भ्रमण के दौरान,प्रज्ञेश्वर महाकाल मंदिर के दर्शन के पश्चात्, ओझा जी ने विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी से भेंट की। इस भेंट के दौरान उन्होंने सामाजिक सुधार, युवाओं के मार्गदर्शन, और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विविध मुद्दों पर गहन चर्चा की। ओझा जी ने युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्थान न केवल उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि समाज में नैतिक और आध्यात्मिक जागरूकता को भी बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। अवध ओझा जी ने विश्वविद्यालय की इस महान पहल को एक आदर्श शैक्षणिक दृष्टिकोण करार दिया।